चंडीगढ़ - राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश 2013 के अन्तर्गत आज हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर अन्न वितरण कार्यक्रम शुभारम्भ किया, इसके साथ ही प्रदेश में 'दाल रोटी योजना भी शुरू की गई। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर श्रद्वासुमन अर्पित किए।
हरियाणा के लोक निर्माण, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्म दिवस पर, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश, 2013 के तहत हरियाणा सरकार की ओर से इस प्रदेश के सभी पात्र लोगों के लिए बनाई गई महत्वाकांक्षी दाल-रोटी योजना की करनाल के एन.डी.आर.आई. के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में शुरूआत की। इसके तहत उन्होंने जिले के 100 लाभपात्रों को खाद्य सामग्री वितरित की।
सुरजेवाला ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून देश की गरीब जनता को जिंदगी देने वाला तथा जिंदगी बदलने वाला होगा। यह कानून ऐसे सभी लोगों जो इसके पात्र हैं, को खाद्य की गारंटी देने वाला होगा, जो भूख व गरीबी पर आक्रमण का कार्य करेगा। इससे किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलेगा व हरित क्रांति को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं व बच्चों को भोजन व पोषण का भी अधिकार देगा। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के, देश को गरीबी, भूख, अज्ञानता रहित बनाने व सशक्त भारत के सपने को साकार करते हुए यू.पी.ए. की अध्यक्षा सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा ने इस कानून को सबसे पहले हरियाणा प्रदेश में लागू किया है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक विकास के बिना आर्थिक विकास तर्क संगत नहीं है, इसी उद्देश्य को लेकर शुरू किये गए इस कानून से देश की 121 करोड़ जनता में से 82 करोड़ लोगों का निहित है। हरियाणा प्रदेश में इस योजना के तहत 253 लाख जनसंख्या में से 52 प्रतिशत यानि 130 लाख 86 हजार लोगों को लाभ मिलेगा, जो आज से शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सरकार ने अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थी परिवारों को पहले से वितरित किये जा रहे 35 किलो प्रति परिवार गेंहू में कोई बदलाव नहीं किया है बल्कि उन्हें अब भी 2 रुपये प्रतिकिलो की दर से गेंहू के साथ-साथ चीनी और दाल भी दी जाएगी। इसी प्रकार बी.पी.एल. परिवारों को प्रतिकार्ड 5 किलो प्रति व्यक्ति गेंहू, 2 किलो चीनी 13.5 प्रतिकिलो की दर से तथा 2.5 किलो दाल 20 रुपये प्रतिकिलो की दर से मिलेगी।
हरियाणा के 20 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष फूलचन्द मुलाना ने आज गुडग़ांव में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश-2013 के अंतर्गत अन्न वितरण योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा देशवासियों को रोजगार, सूचना व शिक्षा का अधिकार देने के बाद अब देश में पहली बार 'भोजन का अधिकार दिया गया है, जो कि एक ऐतिहासिक पहल है। इस योजना के पहले चरण में गुडग़ांव जिला में 1 लाख 79 हजार 941 परिवार लाभान्वित होंगे।
हरियाणा के कृषि मंत्री श्री परमवीर सिंह ने आज सिरसा में इस योजना का शुभारम्भ करते हुए 103 लाभपात्रों को गेंहू व चीनी बांटी। सहकारिता मंत्री सतपाल सिंह सांगवान ने जीन्द में 110 पात्र व्यक्तियों को गेंहू एवं चीनी वितरित कर किया।
हरियाणा की शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री गीता भुक्कल ने रोहतक में बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने आम आदमी को रोटी, कपड़ा और मकान देने का सपना पूरा किया है। पहले महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना से जहां गरीब व जरुरतमंद को सौ दिन का रोजगार मिला, महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना से सौ-सौ गज के प्लाट वहीं प्रियदर्शनी आवास योजना को मकान बनाने के लिए वित्तीय सहायता और अब खाद्य सुरक्षा अध्यादेश, 2013 तथा दाल रोटी योजना से भोजन का अधिकार देकर सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को सच्ची श्रद्वांजलि दी है।
खाद्य एवं आपूर्ति तथा राजस्व मंत्री हरियाणा चौ0 महेन्द्रप्रताप सिंह ने आज पलवल में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश , 2013 के अन्तर्गत पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी के जन्म दिवस पर जिले के 50 लाभार्थियों को गैंहू के बैग वितरित कर अन्न वितरण योजना का शुभारम्भ किया। हरियाणा खेल एवं युवा कार्यक्रम, कृषि एवं सहकारिता राज्य मंत्री सुखबीर कटारिया ने आज पंचायत भवन, हिसार में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का विधिवत शुभारम्भ किया।
मुख्य संसदीय सचिव श्री रामकिशन फौजी ने यमुनानगर में योजना का शुभारम्भ किया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश-2013 के अन्तर्गत लगभग 100 लाभ पात्र लोगों को अन्न वितरित किया।
हरियाणा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव अनिता यादव ने आज झज्जर में कहा कि हर नागरिक को भरपेट भोजन मुहैया कराने की दिशा में सरकार ने नाममात्र कीमत पर अन्न वितरण योजना का आगाज कर पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के सपनों को साकार किया है। वे भोजन के अधिकार के तहत अन्न वितरण योजना का शुभारंभ करते हुए बोल रही थी। उन्होंने लाभपात्रों को अन्न वितरित करते हुए योजना की जानकारी भी दी।