शिमला - हिमाचल के शाही परिवारों की शादियां पहले भी दूसरे प्रदेशों के शाही परिवारों में होती रही हैं। नेपाल के राजघरानों से भी इन परिवारों के रिश्ते जुड़ते रहे हैं। लेकिन यह पहला मौका है जब पंजाब और हिमाचल के दो प्रमुख ऐसे राजनेताओं के बीच पारिवारिक रिश्ता कायम हुआ है जो कांग्रेस के कद्दावर नेता भी हैं। निश्चित तौर पर इससे इस क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों पर भी असर पड़ेगा। हिमाचल के मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की बेटी अपराजिता की पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह के नाती अंगद सिंह के साथ सगाई हो गई। इस नए रिश्ते के साथ ही हिमाचल और पंजाब के इन दो प्रमुख राजघरानों के बीच एक नया संबंध कायम हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सगाई दिल्ली में हुई और इसमें दोनों परिवारों के केवल करीबी लोगों ने ही भाग लिया। अंगद सिंह कैप्टन अमरेंद्र सिंह की बेटी जयइन्द्र कौर के बेटे हैं। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि समारोह को दोनों परिवारों की तरफ से सादा ही रखा गया। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रविवार को ही अपने परिवार के साथ इस समारोह के दृष्टिगत दिल्ली चले गए थे। कैप्टन अमरेंद्र सिंह के बेटी के परिवार के हिमाचल से भी सम्बंध रहे हैं। बताया जाता है कि धर्मशाला के निकट इनके रिश्तेदारों के चाय के बागान हैं। इन बागानों के मालिक गुरमीत सिंह मान का अपना अच्छा खासा कारोबार है। उनकी एक चीनी मिल भी है।