चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आर्थिक विकास की गति को तेज करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए वर्ष 2013 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और अगले पांच वर्षों में उद्योग एवं आई टी क्षेत्र में लगभग 13 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
हुड्डा आज सोनीपत में 67वें स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद उपरान्त लोगों को सम्बोंधित कर रह थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए-नए इण्डस्ट्रीयल मॉडल टाऊनशिप के अलावा आई टी पार्क, साईबर पार्क और टैक्नोलॉजी पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। कुण्डली में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना की गई है, जिससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढावा मिलेगा। खरखौदा और बीधल-लाठ में आईएमटी खोलने का प्रस्ताव है। बडी में एपरैल पार्क स्थापित किया गया है।
हुड्डा ने युवाओं से आग्रह किया है कि वे अच्छी शिक्षा ग्रहण करें और नैतिक रूप से मजबूत बने तथा प्रदेश व देश के नवनिर्माण में रचनात्मक भूमिका निभाएं। स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देता है।
समारोह के समय हलकी बूंदा-बांदी के बीच हुड्डा ने परेड का निरीक्षण किया। मार्च पास्ट में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन, हरियाणा पुलिस के जवानों, महिला पुलिस, हरियाणा होम गार्ड, एनसीसी जूनियर, गर्ल्स गाईड और स्काऊट के सदस्यों ने भाग लिया। पुलिस उपाधीक्षक श्री अजीत सिंह परेड के कमांडर थे।
हुड्डा ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व की बात है कि हरियाणा में स्वतंत्रता सेनानियों के संजोए सपने साकार हो रहे हैं। पिछले आठ वर्षों में राज्य सरकार ने प्रदेश में समावेशी विकास पर ज़ोर दिया है। सरकार ने समाज के हर वर्ग - अनुसूचित जातियों, पिछड़ी जातियों, किसान, मजदूर, महिलाएं, व्यापारी, कर्मचारी, सभी की भलाई के लिए कदम उठाए हैं। प्रदेश में अमन चैन का माहौल है और विकास के लाभ आम आदमी तक पहुंच रहे हैं। समाज के सभी वर्गों को आगे बढने के समान अवसर मिले हैं।
हुड्डा ने कहा कि किसान हमारे प्रदेश की उन्नति की बुनियाद है। सरकार ने खेती की पैदावार बढाने के लिए किसानों को बिजली, नहरी पानी, खाद, बीज और कीटनाशक तथा कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाएं हैं। इसके परिणामस्वरूप वर्ष 2012-13 में प्रदेश में अनाज की 172 लाख 74 हजार टन की रिकार्ड पैदावार हुई, जबकि 2004-05 में 130 लाख 57 हजार टन की पैदावार हुई थी। फलों और सब्जियों की पैदावार बढ़ाने के लिए इसराईल के सहयोग से घरोंडा में सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र और सिरसा में फल उत्कृष्टता केन्द्र की स्थापना की है। फल और सब्जियों के निर्यात के लिए गन्नौर में एक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की मंडी बनाई जा रही है।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में चार नए थर्मल पावर प्लांट लगाए गए हैं, जिससे राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता 2005 की 1587 मेगावाट से बढ़कर 5300 मेगावाट से अधिक हो गई है। जिला फतेहाबाद के गांव गोरखपुर में 2800 मेगावाट का परमाणु बिजली संयंत्र भी लगाया जा रहा है। जिला सोनीपत में 14 नए सब-स्टेशन स्थापित किए गए है और 32 सब-स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई गई हैं।
हुड्डा ने कहा कि उनकी सरकार गांवों का विकास शहरी तज़र् पर कर रही है। गांवों में पक्की गलियों और जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश के लगभग 6700 गांवों में पीने के पानी की उपलब्धता बढ़ाई गई है। अनुसूचित जाति के 10 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को पानी के मुफ्त कनेक्शन दिए गए हैं।
हुड्डा ने कहा कि सरकार चाहती है हर गरीब ग्रामीण के पास अपनी छत हो। सरकार ने तीन लाख 82 हजार गरीब परिवारों को 100-100 गज के प्लाट दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में आवास उपलब्ध करवाने के लिए प्रियदर्शनी आवास योजना शुरू की गई है, जिसके अन्तर्गत अगले दो वर्षों में 2 लाख गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाए जाऐंगे। शहरी गरीबों के लिए भी दो वर्षों में डेढ़ लाख मकान बनाने की योजना है। इसके अलावा आम जनता को शहरी क्षेत्रों में सस्ते फ्लैट उपलब्ध करवाने के लिए एफोरडेबल हाऊसिंग नीति बनाई गई है, जिसके तहत पांच वर्षों में निजी क्षेत्र की सहायता से 1 लाख 25 हजार फ्लैट बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
हुड्डा ने कहा कि सरकार ने बुजु़र्गों, विधवाओं, स्वतंत्रता सेनानियों और विकलांगों के कल्याण के लिए येजनाएं बनाई हैं और उनकी पेंशन में बढ़ोतरी की है। सरकार बुजुर्गों को सम्मान भत्ता भी सबसे ज्यादा दे रही हैं। राज्य सरकार 20 लाख 63 हजार से अधिक लोगों को हर वर्ष 1500 करोड़ रूपये से अधिक की राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन और भत्तों के रूप में दे रही है।
हुड्डा ने कहा कि यूपीए सरकार ने खाद्य सुरक्षा विधेयक लाने का ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिसके अन्तर्गत गरीबों को चावल 3 रूपये किलो, गेहूँ 2 रूपये किलो और मोटा अनाज 1 रूपये किलो के हिसाब से दिया जाएगा। हरियाणा सरकार ने राज्य के हर बीपीएल परिवार को हर महीने ढाई किलो दाल 20 रूपये प्रति किलो की दर से देने का फैसला किया है। यह योजना राजीव गांधी के जन्म दिन 20 अगस्त से लागू की जाएगी।
हुड्डा ने कहा कि शिक्षा के महत्व को समझते हुए राज्य सरकार ने शिक्षा के प्रचार-प्रसार और इसकी गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए हैं। प्रदेश में नए-नए विश्वविद्यालय खोले जा रहे हैं, जैसे खानपुर कलां में महिला विश्वविद्यालय, महेन्द्रगढ़ में केन्द्रीय विश्वविद्यालय, रोहतक में स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और हिसार में पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय आदि। रोहतक में आईआईएम और गुडगांव में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय भी बन रहा है। इसके अलावा सोनीपत में राई में राजीव गांधी ऐजुकेशन सिटी स्थापित हो रही है। पूर्ण रूप से विकसित होने पर यह दुनिया का सबसा बडा शिक्षा केन्द्र होगा, जहां एक साथ डेढ लाख छात्र पढाई कर सकेंगे। इसमें विश्वस्तरीय संस्थानों के परिसर होंगे। प्रदेश के कोने-कोने में कई इंजीनियरिंग कालेज और व्यावसायिक संस्थान खोले गए हैं। तकनीकी शिक्षण संस्थानों में एक लाख 21 हजार सीटों की बढ़ोतरी की गई है।
हुड्डा ने कहा कि आम आदमी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नए-नए अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए हैं। प्रदेश में चार नए मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में रोगियों को मुफ्त दवाईयां दी जाती है।
हुड्डा ने कहा कि सडके और रेल लाइने विकास की धमनियां है। प्रदेश के हर क्षेत्र में सड़कों को चौडा और मजबूत बनाया जा रहा है और नई रेल लाइनें बिछाई जा रही हैं। रोहतक-झज्जर-रिवाडी रेल लाईन का काम पूरा हो चुका है, सोनीपत-गोहाना-जींद रेल लाईन का काम चल रहा है और रोहतक-महम-हांसी रेल लाईन का शिलान्यास हो चुका है। इस वर्ष के रेल बजट में हरियाणा के लिए तीन और रेल लाईनें - दिल्ली-अलवर, हिसार-सिरसा और यमुनानगर-चंडीगढ़ मंजूर की गई हैं।
हुड्डा ने कहा युवाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। न केवल उन्हें शिक्षा प्राप्ति के अच्छे अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, बल्कि खेलों में भी उनकी प्रतिभा को निखारा जा रहा है, जिससे हरियाणा एक खेल शक्ति के रूप में उभर रहा है।
हुड्डा ने समारोह में सोनीपत क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विधवाओं को शाल ओढाकर सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता और सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और नागरिकों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।
हुड्डा ने इस अवसर पर प्रियदर्शनी आवास योजना के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता की पहली किस्त के रूप में 25-25 हजार रूपये के चैक जारी करने के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
वर्षा से मैदान गीला होने के कारण सामुहिक व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रदर्शन नहीं हो सका। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने पिछले कई दिनों से इसके लिए तैयारी की थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए ढाई लाख रूपये उनकी मिठाई के लिए भी देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री हुड्डा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह सम्पन्न होने के बाद सोनीपत में नवनिर्मित लघु सचिवालय का भी उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर 13 करोड़ 29 लाख 80 हजार रूपये की लागत आई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ओल्ड रोहतक रोड पर जोगी समाज की धर्मशाला की भी आधारशिला रखी, जिसके निर्माण के लिए उन्होंने 11 लाख रूपये की अनुदान राशि भी देने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर सांसद जितेन्द्र मलिक, विधायक बरोदा श्रीकृष्ण हुडडा, विधायक गोहाना जगबीर मलिक, विधायक राई जयतीर्थ दहिया, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार प्रो0 वीरेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक देवराज दीवान, कृष्णा गहलावत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक शर्मा, मनोज रिढाऊ, अनूप मलिक, परमेन्द्र जौली, संतोष गुलिया, सुदेश मलिक, विनोद धनखड़, सुरेश जोगी, ओम सिंह फरमाणा, उमेद सिंह छतहेरा, मास्टर रामफल, बलजीत देशवाल, कश्मीरी लाल गुप्ता, रामकुमार, राममेहर राठी, सतीश योगी, एडरीजीपी ला एण्ड आर्डर के के शर्मा, आयुक्त चन्द्र प्रकाश, उपायुक्त डा० चन्द्रशेखर, रोहतक रेंज के आईजी अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक अरूण सिंह नेहरा मौजूद थे।