चंडीगढ - हरियाणा सरकार ने प्रदेश के विभिन्न विभागों, बोर्डों तथा निगमों में हरियाणा इंफॉर्मेटिक्स लिमिटेड (एचआईएल) के माध्यम से लगाये गये कंप्यूटर प्रोफेशल्स को दिये जाने वाले अनुबंध पारिश्रमिक में संशोधन किया है तथा उनकी सेवा शर्त के संबंध में नीतिगत निर्णय लिये है।
इस संबंध में सूचना प्रौद्योगिकी सचिवालय द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार अनुबंध पारिश्रमिक की संशोधित दरें 1 जून, 2013 से प्रभावी होंगी तथा ये दरें जिला सूचना-प्रौद्योगिकी सोसाइटियों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों पर भी लागू होगी, बशर्तें वे योग्यता पूरी करते हो तथा उन्होंने एचआईएल या हारट्रॉन की कंप्यूटर परीक्षा उत्तीर्ण की हो। इसके अलावा, राज्य सरकार के निर्देशानुसार अनुबंध आधार पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश का लाभ भी दिया जायेगा।
प्रदेश में कंप्यूटर प्रोफेशल्स का न्यूनतम पारिश्रमिक 10,000 रुपये प्रति मासः
कंप्यूटर प्रोफेशल्स को दिये जाने वाले अनुबंध पारिश्रमिक की संशोधन दरों के अनुसार अब डाटा एंट्री ऑपरेटरों को दिये जाने वाले मासिक पारिश्रमिक को 8000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रति माह किया गया है। इसी प्रकार, चार से सात वर्ष की अनुबंध सेवा पूरी करने वाले डाटा एंट्री ऑपरेटरों के मासिक पारिश्रमिक को 9,000 से बढ़ाकर 11,000 रुपये तथा सात वर्ष से ज्यादा की अनुबंध सेवा पूरी करने वालों को 10,000 रुपये से 12,000 रुपये प्रति मास किया गया है।
डीटीपी ऑपरेटरों को दिये जाने वाले मासिक पारिश्रमिक को 11,500 रुपये से बढ़ाकर 13,500 रुपये प्रति मास किया गया है। जूनियर प्रोग्रामर, जूनियर डाटा एनालिस्ट, नेटवर्क असिस्टेंट तथा वेब डिजाइनर्स के मासिक पारिश्रमिक को 13,000 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये प्रति मास किया गया है। चार से सात वर्ष की अनुबंध सेवा पूरी करने वाले जूनियर प्रोग्रामर, जूनियर डाटा एनालिस्ट, नेटवर्क असिस्टेंट तथा वेब डिजाइनर्स को 17,000 रुपये तथा सात वर्ष से ज्यादा की अनुबंध सेवा पूरी करने वालों को 18,000 रुपये मासिक पारिश्रमिक दिया जायेगा।
महाप्रबंधक को मिलेंगे सबसे अधिक 57,000 रुपये प्रति मासः
प्रोग्रामर, डाटा एनालिस्ट तथा नेटवर्क इंजीनियरों को दिये जाने वाले मासिक पारिश्रमिक को 16,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये किया गया है। इनमें चार से सात वर्ष की अनुबंध सेवा पूरी करने वालों को 20,000 रुपये प्रति मास पारिश्रमिक दिया जायेगा। सिस्टम एनालिस्ट को दिये जाने वाले मासिक पारिश्रमिक को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 27,000 रुपये प्रतिमास किया गया है जबकि सीनियर सिस्टम एनालिस्ट को 28000 रुपये प्रति मास पारिश्रमिक दिया जायेगा जोकि पहले 25,000 रुपये प्रति मास था। उप महाप्रबंधक को दिये जाने वाले मासिक पारिश्रमिक को 32,000 रुपये से बढ़ाकर 34,000 रुपये प्रति मास किया गया है जबकि महाप्रबंधक को 57,000 रुपये प्रति मास पारिश्रमिक दिया जायेगा जोकि पहले 55,000 रुपये प्रति मास था।