शिमला - ऑल हिमाचल कमर्शियल वाहन संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा अपनी मांगों को लेकर आज शिमला में की गई हड़ताल से राजधानी में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा खाली वाहनों की शहर की सड़कों पर रैली निकालने के चलते दिन के अधिकांश समय शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। इस कारण खासकर कर्मचारियों और छात्रों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कतें हुईं।
ऑल हिमाचल कमर्शियल वाहन संयुक्त संघर्ष समिति ने अपनी मांगों को लेकर शिमला-कालका राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आरटीओ कार्यालय से सचिवालय, संजौली और लक्कड़ बाजार होते हुए आरटीओ कार्यालय तक वाहन रैली का आयोजन किया। ये रैली आज सुबह नौ बजे आरंभ हो गई थी जिसके तुरंत बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में लोगों को कई-कई किलोमीटर लम्बे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष जीत राम शर्मा का कहना है कि डीजल और पेट्रोल तथा अन्य कल पुर्जों के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से वाहन मालिक आर्थिक रूप से दिवालियेपन के कगार पर पहुंच गए हैं। लेकिन सरकार इन्हें राहत देने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। नतीजतन समिति को संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ा है।