नालागढ़ - सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग में जल्द ही हर स्तर पर रिक्त पड़े पद भरे जाएंगे। इसके लिए सरकार ने प्रक्रिया आरम्भ कर दी है। मगर जब तक स्थायी भर्तियों से पद नहीं भरे जाते तब तक स्टॉप गैप अरेंजमेंट के आधार पर अस्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। विभाग ने इसके लिए मेमोरेंडम तैयार कर लिया है जो जल्द ही केबिनेट में रखा जाएगा। यह जानकारी सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने सोमवार को नालागढ़ पहुंच कर दी।
उन्होंने बताया कि विभाग में रिक्त पदों की वजह से विकासात्मक कार्यों के पूरा होने में में विलम्ब होने से जनता को परेशानी न हो, इसलिए विभाग ने स्टॉप गैप अरेंजमेंट के आधार पर अस्थायी नियुक्तियां करने की योजना बनाई है। इससे प्रशिक्षित डिप्लोमा व डिग्रीधारक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नये अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ साथ विभाग सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को अस्थायी तौर पर पुन: नियुक्त कर उनके अनुभव का लाभ लेगा। विद्या स्टोक्स ने कहा कि नालागढ़ व बद्दी की मल निकासी योजना के प्रस्ताव को विभाग द्वारा स्वीकृत करके फंडिंग के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। उन्होंने बताया कि नालागढ़ व बद्दी के लिए प्रस्तावित मल निकासी योजना पर 51.97 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
इस अवसर पर नालागढ़ के पूर्व विधायक लखविंद्र राणा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल सिंह, नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष मदन चौधरी,नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष अलका वर्मा, जिला कांगे्रस कमेटी के उपाध्यक्ष बाबू संसारी लाल वर्मा, मनोज वर्मा, ब्लाक कांगेस कमेटी के अध्यक्ष सिंकदर सिंह, अधिशाषी अभियंता आईपीएच नालागढ़ सुनील, डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा, तहसीलदार नालागढ़ आरडी हरनोट सहित अन्य लोग मौजूद थे।