चंडीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज कहा कि हिसार और करनाल में जल्द ही दो नए हवाई अड्डे स्थापित किए जाएंगे। हुड्डा ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। भारत सरकार ने आज इन हवाई अड्डों को स्थापित करने के लिए मंजूरी प्रदान की है। इस संबंध में जल्द ही हरियाणा सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बीच एमओयू साइन किया जाएगा।
याद रहे कि इन दोनों हवाई अड्डों को लेकर राज्य के कांग्रेसियों के अलावा विपक्षी दलों के बीच भी खिंचतान चल रही थी। राज्य की आबकारी एवं कराधान मंत्री किरण चौधरी जहां भिवानी में एयरपोर्ट की मांग कर रही थीं वहीं कुरुक्षेत्र के सांसद सहित कई अन्य नेताओं की मांग थी कि कुरुक्षेत्र में हवाई अड्डा बनाया जाए। वे भगवान श्रीकृष्ण की उपदेशस्थली का हवाला देते हुए कुरुक्षेत्र के धार्मिक महत्व के मद्देनज़र यहां एयरपोर्ट बनवाने की मांग कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने भारत सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय का इन हवाई अड्डों को स्थापित करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हिसार, भिवानी, नारनौल, करनाल और पिंजौर में हवाई अड्डे स्थापित करने के लिए आवेदन किया था, जिसमें से हिसार और करनाल में हवाई अड्डे बनाने के लिए स्वीकृति मिली है।