चंडीगढ़ - अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह ने उत्तर हरियाणा की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि उत्तरी हरियाणा के नौ जिलों को हमेशा विकास के मामले में अनदेखा ही किया गया है और खास तौर पर औद्योगिक विकास के मामले में यह क्षेत्र पिछड़ गया। मौजूदा समय में विकास सिर्फ एक ही क्षेत्र तक सीमित रह गया है।
वे आज कुरूक्षेत्र और यमुनानगर में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। इन जनसभाओं के माध्यम से लोगों को 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस पर जींद में होने वाली सद्भावना रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की गई। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करेंगी। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर हरियाणा के जिलों के साथ हमेशा ही भेदभाव होता आया है। चाहे शिक्षा की बात हो या फिर स्वास्थ्य की, हर मामले में यह क्षेत्र विकास को लेकर पिछड़ा ही रहा है। औद्योगिक पिछड़ेपन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में कृषि पर आधारित उद्योगों का विकास किया जा सकता था लेकिन यह भी नहीं हो पाया क्योंकि यह क्षेत्र हरियाणा के सबसे संपन्न कृषि क्षेत्र हैं।
चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि विकास का अर्थ केवल एक क्षेत्र तक सीमित रहना नहीं है बल्कि विकास का अर्थ है हर क्षेत्र विशेष तौर ऐसे क्षेत्र में विकास जो शिक्षा, चिकित्सा व मूलभूत सुविधाओं के मामले में पिछड़ा हुआ हो। विकास का अर्थ है नौजवानों का उज्ज्वल भविष्य, विकास का अर्थ है नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जब-जब भी प्रदेश में मजबूती की जरूरत पड़ती है तो उसमें उत्तरी हरियाणा अपनी अहम भूमिका निभाता है लेकिन सत्ता में पहुंचने के बाद कुछ लोग उत्तरी हरियाणा के इस अहसान को भूल कर केवल अपने क्षेत्र तक ही सीमित दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त की रैली में इन मुद्दों को भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सद्भावना रैली प्रदेश की राजनीति में नए रंग भरेगी। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के जन्मदिवस पर होने वाली इस रैली में जनसमूह उमड़ेगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति ने खाद्य सुरक्षा बिल के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी के प्रयासों से यह योजना सिरे चढ़ पाई है। इस योजना के देश भर के गरीबों को फायदा होगा।