सुंदरनगर - पिछले कुछ दिनों से बारिश के चल रहे खेल ने मंडी जिले के अनेक गांवों के बाशिंदों की नींद हराम करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। जोगिंद्रनगर क्षेत्र के छोटा भंगाल इलाका बरोट में आधी रात को तेज बारिश ने खलैल गांव वासियों को खौफजदा कर दिया। देर रात करीब एक बजे जैसे ही बस्तर से कुटला स्थान पर बादल फटा वैसे ही साथ लगते हलैल, छोटी जरवाट के लोग घरों से बाहर निकल पड़े। कुटला नाला उफान पर देख सबके होश उड़ गए। भगवान से प्रार्थना के लिए उठे हाथ ही एक रास्ता दिखाई दे रहा था और सारी रात ग्रामीणों को खुले आकाश के नीचे जाग कर काटनी पड़ी। बादल फटने से हुई तबाही के बाद 22 लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है।