चण्डीगढ़ - हरियाणा लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग को इण्डियन बिल्डिंग कांगे्रस द्वारा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में भवन निर्माण में उसकी उत्कृष्ट पर्यावरण कार्य शैली पुरस्कार-2011’ से सम्मानित किया गया। विभाग के प्रमुख अभियंता एवं भारतीय भवन कांग्रेस के अध्यक्ष महेश कुमार ने यह पुरस्कार केन्द्रीय शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री कमलनाथ से ग्रहण किया। पुरस्कार स्वरूप पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। विभाग को यह पुरस्कार रोहतक के लघु सचिवालय के प्रशासनीक भवन तथा यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नदी पर बनाए गए उच्च स्तरीय केंटिलिवर पुल निर्माण की परियोजनाओं के लिए प्रदान किया गया है।
लघु सचिवालय के चार मंजिला प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्य पर 22.92 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसका कवर एरिया लगभग 1.80 लाख वर्ग फुट है। इस भवन में हाईटैक ई-दिशा केन्द्र सहित सभी उन्नत सेवाएं उपलब्ध हैं। भवन भूकंप रोधी है तथा इनमें इंटेलीजेंट बिल्डिंग कान्सेप्ट तथ ग्रीन बिल्डिंग कान्सेप्ट पर पूर्ण रूप से बल दिया गया है। भवन को आईएस-1893-2002,आईएस 4326 तथा आईएस 13920-1993 के मानदण्डों के अनुरूप डिजाईन किया गया है। इसी प्रकार, उच्च स्तरीय केंटिलिवर पुल हरियाणा में अपनी तरह का पहला पुल है जिसमें यह तकनीक अपनाई गई है तथा इस पुल के निर्माण पर 15.25 करोड़ रुपये की लागत आई है। पुल की लम्बाई 170 मीटर है।