पंचकूला: हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी (पंजाबी) द्वारा अकादमी भवन में निदेशक हरपाल सिंह गिल की अध्यक्षता में सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई । निदेशक गिल ने बताया कि बैठक में पंजाबी भाषा तथा संस्कृति के उत्थान के लिए इसी वर्ष नवंबर माह में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पंजाबी सम्मेलन के आयोजन को लेकर चर्चा हुई, जिसमें हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों आदि से बुद्धिजीवियों और विद्वानों का पंजीकरण किया जाएगा। सम्मेलन का विषय पंजाबी भाषा, साहित्य, संस्कृति और इतिहास होगा। हरियाणा साहित्य एवं संस्कृत अकादमी इस पंजाबी सम्मेलन का आयोजन करके आने वाले समय के लिए एक मील का पत्थर स्थापित करेगी।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि शीघ्र ही एक राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा तथा पहली बैठक में शब्द-बूँद पत्रिका में पंजाबी उप-भाषाओं पुआधी, सरायकी आदि की रचनाओं के प्रकाशन के संबंध में हुई सहमति के अनुसार, पाठकों को शब्द-बूँद में नोट देकर पंजाबी उप-भाषाओं में लेख, कविताएँ और कहानियाँ आदि भेजने को कहा गया, ताकि इन भाषाओं का भी प्रचार-प्रसार हो सके। शब्द-बूँद पत्रिका के सदस्यों की संख्या में और वृद्धि करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएँगे।