झज्जर - कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जब तक देश में हरियाणा का अस्तित्व है, तब तक हमारी सरहदें सुरक्षित है। यह हम सबके लिए नाज की बात है कि देश की सेना में हर दसवां जवान हरियाणा से है, जबकि देश की आबादी में हरियाणा का हिस्सा महज दो प्रतिशत है। उन्होंने यह बात शुक्रवार को गांव दूबलधन में शहीद हरविंद सिंह,सेना मेडल की प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
कांग्रेस सांसद ने गांव दूबलधन निवासी प्रेम सिंह के पुत्र शहीद हरविंद्र को नमन करते हुए कहा कि आज हम सबके लिए गर्व का दिन है क्योंकि हरविंद्र ने अपने प्राणों की आहूति अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि अपने देश की रक्षा करते हुए दी। ऐसे में आज हम सब उस वीर सपूत को नमन करने यहां पहुंचे है। सांसद दीपेंद्र ने कहा कि आज भी हमारे प्रदेश की युवा पीढ़ी में सेना के प्रति जज्बा और जुनून किस कदर है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल में इंडियन मिल्ट्री एकेडमी(आईएमए), देहरादून से पासआऊट हुए 631 युवा अधिकारियों में 60 अकेले हरियाणा से हैं। राज्य के लिए सम्मान की यह बात भी है कि इस बार आईएमए का सबसे बड़ा सम्मान स्वॉर्ड ऑफ ऑनर झज्जर के बिसान गांव के कैडेट सिद्धांत सुहाग को मिला है। इतना ही नहीं आईएमए का दूसरा बड़ा सम्मान भी इसी गांव के कैडेट विकास को मिला है।