पंचकूला, 11 अप्रैल 2025: आज अंतर्राष्ट्रीय मातृ स्वास्थ्य और अधिकार दिवस के अवसर पर फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FPAI), पंचकूला शाखा द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं के स्वास्थ्य और उनके प्रजनन अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करना और उनके लिए सुरक्षित, गरिमामय तथा अधिकार-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता पर बल देना रहा।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉक्टरों, कार्यकर्ताओं और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया।
एफपीएआई पंचकूला की डॉक्टर नितिका गोयल ने बताया, हर महिला को सुरक्षित प्रसव, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और निर्णय लेने का अधिकार होना चाहिए। आज का दिन हमें यह याद दिलाता है कि मातृ स्वास्थ्य एक बुनियादी मानव अधिकार है।
शाखा की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती वन्दना शर्मा ने बताया कि आज के कर्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधाएं भी दी गईं, साथ ही उन्हें मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उपायों की जानकारी दी गई।
शाखा के जनरल मैनेजर श्री मनोज कुमार ने बताया कि एफपीएआई पंचकूला वर्षों से महिलाओं और किशोरियों के यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत है, और इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से वह समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करता है।