पंचकूला - जिला भर में पोलियो अभियान की सफलता के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिसमें जिलावासियों की सुविधा के लिए 16 जून को पल्स पोलियो अभियान के तहत 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 470 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त एसपी अरोड़ा ने जिला सचिवालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 352 ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 118 शहरी शहरी क्षेत्रों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में 41 टीमें व 34 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें 16 जून को प्रात : 8 बजे से सायं 3 बजे तक बूथों पर उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इसके अतिरिक्त बस स्टाप व रेलवे स्टेशनों पर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित करें।