नयी दिल्ली : आज नये खाद्य सुरक्षा बिल पर आयोजित कैबिनेट की बैठक समाप्त हो गयी है. बैठक के उपरांत वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि खाद्य सुरक्षा बिल तैयार है, सरकार ने अध्यादेश भी तैयार कर लिया है. लेकिन हम विपक्ष को इस बिल पर फैसला करने के लिए एक और मौका देना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि हम विपक्ष से एक और बार चर्चा करेंगे. उन्होंने कहा कि संसद के अगले सत्र में यह बिल पेश किया जायेगा.
कांग्रेस की नजर में यह विधेयक आगामी संसदीय चुनाव में गेम चेंजर हो सकता है. हालांकि, कैबिनेट में इसके विरोध में आवाज उठाने वाले भी हैं, जिससे इसके पारित होने पर संदेह है.
खाद्य सुरक्षा विधेयक कांग्रेस अध्यक्ष और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की मुखिया सोनिया गांधी का महत्वाकांक्षी विधेयक है, जिसे कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार हर हाल में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले लागू करना चाहती है. हालांकि संसद के बीते सत्र में ही सरकार ने इसे सदन में पेश कर दिया गया था, लेकिन इस पर चर्चा नहीं कराई जा सकी थी. आए दिन बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए मनमोहन सिंह सरकार खाद्य सुरक्षा विधेयक को लागू करने की जल्दी में है.