टीबी स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य जांच शिविर में 107 लोगों के स्वास्थ्य की जांच
संभावित 67 लोगों के लिए गए टीबी सैंपल, निशुल्क वितरित की गई दवाइयां
कुरुक्षेत्र, 03 फरवरी। हरियाणा रेडक्रास सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से गोविंदगढ़ स्थित गुरुद्वारा में टीबी स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य की सामान्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 107 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और 56 के टीबी सैंपल लिए गए। टीबी स्क्रीनिंग कैंप का शुभारंभ जिला रेडक्रास सचिव डॉ. सुनील कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त हरियाणा के लिए सरकार-समाज का साझा प्रयास जरूरी है।
टीबी के संभावित मरीजों को तलाशने के लिए रेडक्रास व स्वास्थ्य विभाग की ओर से संयुक्त रूप से स्क्रीनिंग कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा जिला रेडक्रास चेयरमैन एवं उपायुक्त नेहा सिंह के मार्गदर्शन में टीबी से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं सरकार के टीबी उन्मूलन अभियान में भी रेडक्रास की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है।
रेडक्रास टीबी को-आर्डिनेटर अंजलि ने बताया कि भारतीय रेडक्रास सोसायटी हरियाणा शाखा के राज्य महासचिव डॉ. मुकेश अग्रवाल ने निर्देशानुसार रेडक्रास सोसायटी की ओर से ड्राप आउट क्षय रोगियों का इलाज किया जा रहा है। टीबी बचाव को लेकर रेडक्रास की ओर से सार्वजनिक समारोहों में जागरूकता कार्यक्रम भी किए जाते हैं। वहीं सरकार की ओर से टीबी जागरूकता को लेकर जो कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं, उनमें भी रेडक्रास सोसायटी बढ़-चढक़र हिस्सा लेती है। सामान्य चैकअप के दौरान लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। इस अवसर पर डॉ. अक्षिता शर्मा, रेडक्रास क्लर्क ओमप्रकाश, डीपीसी प्रोमिला, एलटी पूनम, जसविंद्र व अशीष, एसटीएस भूपेंद्र वालंटियर जोगेंद्र, राहुल व रानी तथा आशा वर्कर सुनीता प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
107 लोगों के स्वास्थ्य की गई जांच
जिला टीबी आफिसर डॉ. संदीप अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय गहन अभियान के तहत रेडक्रास और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सौजन्य से टीबी स्क्रीनिंग और सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अक्षिता शर्मा व अन्य सहयोगियों के साथ रेडक्रास की ओर से टीबी को-आर्डिनेटर अंजलि द्वारा सहयोग किया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन प्रयासों के तहत 100 दिवसीय सघन जांच अभियान की शुरूआत की गई है, स्वास्थ्य विभाग की ओर से झुग्गी-झोपड़ियों के साथ ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा रहे हैं, जिसमें रेडक्रास का भी सहयोग रहता है।
ये हैं टीबी बीमारी के लक्षण
दो सप्ताह से ज्यादा खांसी रहना
रात को सोते समय पसीना आना, ठंड में भी पसीना आना
बुखार आना, संक्रमण बढ़ने के साथ बढ़ना
थकावट होना
वजन कम होना
सांस लेने में दिक्कत होना