शिमला - हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी पर्यटक स्थलों पर आज फिर से बादल बरसे। राजधानी शिमला, धर्मशाला और कुल्लू मनाली में आज हुई इस बारिश से मौसम एक बार फिर खुशगवार हो गया। हालांकि बारिश थोड़ी देर के लिए ही हुई लेकिन इस बारिश ने पिछले तीन दिन से तप रहे पहाड़ों के मिज़ाज को एकदम ठंडा कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तो 8 जून तक इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है। यह तीसरा ऐसा मौका है जब राज्य में तेज गर्मी पड़ते ही बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दिला दी। मई और जून में प्रदेश में तापमान सर्वाधिक रहता है लेकिन इस दफा जब भी तापमान बढ़ा वर्षा की फुहारों ने उसे ठंडा कर दिया। मौसम में आई ठंडक के चलते स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से घूमने आए पर्यटक भी राहत महसूस कर रहे हैं।
राजधानी शिमला में आज सुबह से ही बादल छाए हुए थे। सुबह 11 बजे के बाद अचानक बादल गहरा गए और बिजली चमकने लगी। थोड़ी देर के लिए तो आसमान में अंधेरा सा छा गया। लेकिन आधे पौने घंटे बाद ही मौसम सामान्य हो गया और शाम होते-होते तो फिर से तेज धूप खिल आई।
उधर, कुल्लू मनाली में भी पर्यटकों को झमाझम वर्षा ने खूब लुभाया। कुल्लू में तो गर्मी से परेशान पर्यटक बारिश में बाहर निकल आए। मनाली में हालांकि सुबह बादल छाए रहे लेकिन यहां सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई। रोहतांग पर दोपहर तक धुंध छाई रही और बीच में कई बार बर्फ पडऩे के आसार पैदा हुए। घाटी में आज की बारिश के बाद मौसम खूब सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के मध्यम एवं ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावनाएं व्यक्त की हैं। विभाग का कहना है कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होने की स्थिति फिर से पैदा होती दिखाई दे रही है।