चंडीगढ़ - हरियाणा पुलिस ने सोनीपत जिला के गांव अगवानपुर से लूटी गई स्कार्पियो गाड़ी के मामले में एक मुठभेड़ के बाद दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। ये आरोपी एक मर्डर के मामले में भी संलिप्त रहे हैं। गिरफ्तारी के समय इनसे एक देशी पिस्तौल, एक चक्र गोली व एक खोल भी बरामद हुआ है।
शुक्रवार को मनोज उर्फ मोनू, सुनील उर्फ सीना व राहुल उर्फ बन्टू ने मिलकर सोनीपत जिला के गांव अगवानपुर निवासी रामेश्वर से उसकी स्कार्पियो गाड़ी हथियारों के बल पर छीन ली थी। मनोज व सुनील को पुलिस ने घटना के कुछ समय उपरान्त ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था और लूटी गई गाड़ी को भी बरामद कर लिया था। इस घटना में शामिल राहुल को भी पुलिस ने कल गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार मनोज व सुनील ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे दोनों अपने ही गांव के संजय उर्फ सोढ़ी की हत्या करने में भी शामिल रहे हैं। फिलहाल संजय उर्फ सोढ़ी हत्या प्रकरण की जांच की जा रही है। इस हत्या प्रकरण में इन दोनों आरोपियों को पुलिस ने इस अभियोग में गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों के अतिरिक्त कल पुलिस ने संजय की हत्या के मामले में गांव कामी निवासी अमित उर्फ काली को भी गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों की गिरफ्तारी से पूर्व अनुसंधान टीम गांव मुरथल निवासी पवन उर्फ काला को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।
यहां बता दें कि गत 23 अप्रैल के दिन उक्त आरोपी मृतक संजय उर्फ सोढ़ी को उसके घर से बुलाकर उसे जी.टी रोड़ स्थित सुखदेव ढ़ाबे के निकट खाली पड़ी जमीन पर ले गये थे और वहां ले जाकर संजय की ईंट-पत्थर मार कर हत्या कर दी थी। इस प्रकार इस हत्या के मुकद्दमें में पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।