चण्डीगढ़ - हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज लोगों से कहा कि वे जन प्रतिनिधियों को चुनते समय ऐसे व्यक्ति को अपना नुमाइंदा बनाएं, जो विधानसभा व संसद में हलके की मांग उठाए और आपके हकों की रक्षा कर सकें।
मुख्यमंत्री आज चीका अनाज मंडी में आयोजित विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां के विधायक ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में हरियाणा विधानसभा में हलके लिए एक लब्ज भी नही बोला है तो आपके हितों की रक्षा कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि इनेलो ने हमेशा इस क्षेत्र के साथ भेदभाव किया है। कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो किसान, गरीब, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग के विकास की बात सोच सकती है।
भारी गर्मी के बावजूद उमड़े जनसमूह से उत्साहित होकर मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधा संवाद किया कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में एक भी ऐसा फैसला नहीं है, जो किसान, गरीब व मजदूर के हित में लिया हो, जबकि 2005 के बाद हमारी सरकार ने हर वर्ग के हित के लिए अनेक फैसले लिए हैं और हर वर्ग का विकास किया है।