मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित सांसदों के साथ केंद्रीय मंत्री ने की मंत्रणा
आज से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री के धन्यवादी दौरों पर भी हुई चर्चा
चंडीगढ़। नए साल में शहरी सरकार के गठन की कवायद शुरू होगी। लिहाजा, भाजपा ने शहरी सरकार को लेकर रणनीति शुरू कर दी है। नगर निगम, नगर परिषद और पालिकों के चेयरमैन व पार्षद भाजपा समर्थित निर्वाचित हों, इसको लेकर सोमवार देर रात्रि नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के आवास पर रणनीति तैयार हुई। मुख्यमंत्री नायब सैनी और सांसदों की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री ने निकाय चुनावों पर चर्चा की।
केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के आवास पर हुई सांसदों की बैठक में स्थानीय निकाय के चुनाव, हरियाणा में चल रहे भाजपा के सदस्यता अभियान और 18 दिसंबर बुधवार से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री नायब सैनी के धन्यवादी दौरों पर चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सांसद धर्मवीर सिंह, राज्य सभा सदस्य किरण चौधरी, रामचंद्र जांगड़ा, सांसद सुभाष बराला, कार्तिकेय शर्मा और नवनिर्वाचित सांसद रेखा शर्मा भी पहुंचे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए वे विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार लोगों के बीच में जाकर धन्यवाद करेंगे। शीघ्र ही इसकी कार्य योजना बनाई जा रही है। नायब सैनी ने बताया कि पराली के प्रबंधन पर सर्वोच्च न्यायालय ने भी हरियाणा की तारीफ की है। हम हरियाणा में सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रहे हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से भी किसानों को लाभ पहुंचा है। भावांतर भरपाई योजना भी हरियाणा की एक अनूठी योजना है। जिन फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जाता, उसके अंतराल को भावांतर भरपाई के तहत किसानों को भुगतान किया जाता है। शाहबाद में सूरजमुखी आयल मिल व रेवाड़ी में सरसों तेल मिल लगाई जा रही है।
निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पूरी : नायब सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे ही हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के संबंध में घोषणा करेगा, हम चुनाव के लिए तैयार है। वर्ष 2014 के बाद से भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में कांग्रेस सरकार से डेढ़ गुणा ज्यादा विकास के कार्य किए हैं और इसी का परिणाम है कि हरियाणा में लोगों ने लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाई है।
निकायों की वार्डबंदी पूरी, मतदाता सूची की तैयारियां जोरों
प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सरकार ने रोहतक और हिसार नगर निगम तथा कुरुक्षेत्र की थानेसर नगर परिषद में वार्डबंदी का काम पूरा लिया है। अलावा करनाल नगर निगम की वार्डबंदी का ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया गया है। प्रदेश में 34 स्थानीय निकायों के चुनाव होने हैं, जिनके लिए मतदाता सूचियों को तैयार किया जा रहा है। निकाय चुनावों को दो चरण में कराया जाएगा। पहले चरण में तीन नगर निगमों गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर, तीन नगर परिषदों सिरसा नगर परिषद, पटौदी जटौली मंडी और अंबाला सदर तथा 21 नगर पालिकाओं के चुनाव होने हैं।
इनमें बराड़ा, बवानीखेड़ा, लोहारू, सिवानी, फर्रुखनगर, जाखल मंडी, नारनौंद, बेरी, जुलाना, कलायत, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर शामिल हैं। इसके अलावा पहले चरण में ही सोनीपत व अंबाला नगर निगमों में मेयर के उपचुनाव भी होंगे। दूसरे चरण में करनाल, पानीपत, हिसार, रोहतक और यमुनानगर नगर निगम तथा थानेसर नगर परिषद और कालांवाली नगर पालिका के चुनाव कराए जाएंगे।