चंडीगढ़ - हरियाणा में पशुओं की कृत्रिम गर्भादान सेवाएं पशुपालकों की सुविधानुसार उनके घर-द्वार पर ही उपलब्ध करवाने के लिए कॉल सेंटर अथवा टोल फ्री नंबर-18001800088 की सुविधा प्रारंभ की गई है।
प्रदेश के पशुपालन व डेयरी विभाग के सहयोग से जेके ट्रस्ट ग्राम विकास योजना द्वारा प्रदेश में कृत्रिम गर्भादान को प्रोत्साहित करने तथा सेवाओं को विस्तार देने के लिए 1145 समन्वित पशुधन विकास केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पशुपालकों को उनके द्वार पर ही गायों तथा भैंसों में कृत्रिम गर्भादान की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। विवरणानुसार अप्रैल, 2013 तक प्रदेश में 14 लाख, 19 हजार, 778 पशुओं को कृत्रिम गर्भादान दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भादान की सेवाओं को और अधिक विस्तार देने तथा उपयोगी बनाने की दिशा में पशुपालकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर- 18001800088 या कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया है। गायों तथा भैंसों को कृत्रिम गर्भादान के लिए कोई भी पशुपालक उक्त टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सुविधाएं प्राप्त कर सकता है। पशुपालकों द्वारा उक्त टोल फ्री नंबर की सुविधा का लाभ प्रातः 07ः00 बजे से रात्रि 08ः00 बजे तक लिया जा सकता है। इस टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने उपरांत निकटतम केंद्र द्वारा पशुपालक के द्वार पर ही कृत्रिम गर्भादान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।