शिमलाः मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज यहां आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर छोटा शिमला के सद्भावना चौक पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी 23वीं पुण्यतिथि पर प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्घांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सद्भावना शपथ भी दिलाई। स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि को देशभर में आतंकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वर्गीय श्री राजीव गांधी युवा, नवप्रर्वतनशील एवं करिश्माई नेता थे, जिनके नेतृत्व में देश ने तेजी से विकास की ऊंचाइयों को छूआ। देश में कंप्यूटर क्रांति तथा पंचायती राज में त्रि-स्तरीय व्यवस्था आरम्भ करने में उनका मुख्य योगदान रहा है। उन्होंने मतदान की आयु को कम कर 18 वर्ष किया, जिससे देश के युवा निर्णय लेने की प्रक्रिया में सहभागी बने।
इसके पश्चात, मुख्यमंत्री कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन भी गए और स्वर्गीय श्री राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स, शहरी विकास मंत्री श्री सुधीर शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल (सेवानिवृत) डॉ. धनीराम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव श्री इंद्र दत्त लखनपाल एवं श्री रोहित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री हर्ष महाजन, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानिया, शिमला नगर निगम के महापौर श्री संजय चौहान, उपमहापौर श्री टिकेंद्र पंवर, पूर्व विधायक श्री हरभजन सिंह भज्जी, पूर्व महापौर श्री सोहन लाल एवं श्रीमती मधू सूद, पूर्व उप महापौर श्री हरीश जनारथा, शिमला जिला शहरी कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंह, शिमला जिला ग्रामीण कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री केहर सिंह खाची, शिमला के उपायुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा, शिमला नगर निगम के आयुक्त श्री अमरजीत सिंह तथा अन्य प्रबुद्घ व्यक्तियों ने प्रमुख नेताओं ने भी श्री राजीव गांधी को श्रद्घासुमन अर्पित किए।