चंडीगढ - हरियाणा के जिला गुडगांव में साइबर क्राइम रोकने के लिए देश के बेहतरीन मैनेजमेंट और आईटी इंजीनियरिंग विद्यार्थियों से सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए गुड़गांव पुलिस उन्हे अपनी जरूरतें बताएगी जिसके अनुसार वे विशेष साफ्टवेयर तैयार करेंगे। इस कार्य के लिए देशभर से चयनित मैनेजमेंट तथा आईटी के 21 विद्यार्थियों की दो महीने की इंटर्नशिप 21 मई, सोमवार से शुरू होगी। इन विद्यार्थियों को साइबर क्राइम रोकने का साफ्टवेयर तैयार करने में नेसकॉम सहयोग देगा।
इस बारे में जानकारी पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने आज ने दी। इस कार्यक्रम का इंचार्ज डीसीपी साऊथ राहुल शर्मा को बनाया गया है। बैठक में उन सभी तथ्यों पर चर्चा की गई जिनके प्रभावी ढं़ग से लागू होने से साइबर क्राइम को रोका जा सकता है। श्री मित्तल ने कहा कि कम्प्यूटर संबंधी तकनीकों में क्रान्तिकारी बदलाव हुए है, जिससे साइबर क्राइम जैसी घटनाओं में भी वृद्धि हुई है।
इंटर्नशिप कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में नौ महत्वपूर्ण प्रौजेक्टों को शामिल किया गया है, जिनकी मदद से साइबर क्राइम को काफी हद तक कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान कुछ ऐसे महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर व एपलीकेशन्स डेवल्प की जाएंगी, जिनकी सहायता से ना केवल गुड़गांव पुलिस को साइबर क्राइम कम करने में सहायता मिलेगी, बल्कि इससे आम आदमी को भी काफी फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिन प्रौजेक्टों पर काम किया जाएगा उनमें नेट बेंकिंग फ्रॉड, एटीएम डेबिट व के्रडिट कार्ड फ्रॉड, ई-मेल हेकिंग, फेसबुक प्रोफाइल संबंधी आपराधिक गतिविधियां, साइबर फॉरेंसिक, पोरनोग्राफी ऑन इंटरनेट क्राइम, मैनेजमेंट फलीट, इफेक्टिव मैनेजमेंट ऑफ पुलिस फोर्स एट पुलिस स्टेशन्स लेवल तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट शामिल है। बैठक में उन सभी तथ्यों के बारे में विचार किया गया जिनकी वज़ह से अक्सर पुलिस को वारदात की छानबीन के दौरान परेशानी उठानी पड़ती है। श्री मित्तल ने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को विभिन्न इंडस्ट्रीज़ व कंपनियों का दौरा भी करवाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए गुड़गांव पुलिस द्वारा पिछले सप्ताह छात्रों के ऑनलाइन इन्टरव्यू किए गए थे जिनमें से भारत के इन 21 छात्रों का चयन किया गया है।
श्री मित्तल ने बताया कि ये भारत के जाने-माने विश्वविद्यालयो व कॉलेजो से है जिनमें आईआईआईटी इलाहाबाद, एमिटी युनिवर्सिटी, वेलोर कॉलेज चेन्नैई, एमडी यूनिवर्सिटी, कुरूक्षेत्र युनिवर्सिटी, राजस्थान युनिवर्सिटी, हांगकांग युनिवर्सिटी व बिट्स पिलानी के नाम शामिल है।