चंडीगढ़ : हरियाणा में पंजाबी और साहित्य एवम् संस्कृति को और प्रफुल्लित करने के लिए हरियाणा सरकार की पंजाबी साहित्य अकादमी पंचकूला निरंतर अग्रसर है। अकादमी हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के भिन्न-भिन्न मंचों पर हर माह कवि दरबार, कहानी दरबार, मिन्नी कहानी पाठ और भिन्न-भिन्न वर्कशॉप भी आयोजित कर रही है जिससे विशेषकर हरियाणा के साहित्यकार पूरी तरह लाभान्वित हो रहे हैं।
इस शृंखला में स्व. शिव कुमार बटालवी की याद में सिरसा जि़ला के कस्बे ऐलनाबाद के डी.ए.वी. महिला बी.एड.कॉलेज के सभागार में कल एक पंजाबी कवि दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के लगभग एक दर्जन कवियों के अतिरिक्त उस कॉलेज की छ: छात्राओं ने सिर्फ शिव कुमार बटालवी के गीतों को अपनी-अपनी आवाज़ देकर श्रोताओं के सामने पेश किया जिन्हें अकादमी की ओर प्रोत्साहन पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी भेट किए गए। अकादमी निदेशक सुखचैन सिंह भंडारी ने बताया कि वह हरियाणा के कई ऐसे कॉलेजों और स्कूलों में भी समय-समय पर भिन्न-भिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं जिनमें पंजाबी भाषा और साहित्य को उत्साहित करने के लिए पंजाबी बोलने वाले बच्चे अपनी-अपनी रचनाएं मंच पर आकर प्रस्तुत करते हैं।