केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने दी नियुक्त पर बधाई
प्रदेश में दलित सम्मेलनों के जरिये दलितों को एकजुट करने में कटारिया का बड़ा योगदान
चंडीगढ़, 09 अक्टूबर। प्रदेश में भाजपा की हैट्रिक और दलितों को पार्टी के पक्ष में एकजुट करने वाले दलित नेता सुदेश कटारिया को केंद्र में अहम जिम्मेवारी सौंपी गई है। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी के चीफ मीडिया को-आर्डिनेटर का काम संभालने वाले सुदेश कटारिया अब केंद्र के ऊर्जा विभाग में चीफ मीडिया ओएसडी ओहदा संभालेंगे।
केंद्र सरकार की ओर से सुदेश कटारिया को केंद्रीय ऊर्जा विभाग में चीफ मीडिया ओएसडी नियुक्त किया है। नई नियुक्ति पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी गई है, वे उसे पूरी निष्ठा व कर्मठता के साथ निभाएंगे। इससे पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन भरोसा जताया था, जिस पर वे खरे उतरे हैं। पार्टी और सरकार की ओर से जो भूमिका उन्हें सौंपी गई, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया है।
केंद्रीय ऊर्जा विभाग में चीफ मीडिया ओएसडी की नई नियुक्ति पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने सुदेश कटारिया को बधाई दी और देशभर में ऊर्जा विभाग की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और नई योजनाओें पर तेजी से काम करने को लेकर निर्देश दिए।
भाजपा की जीत में दलित सम्मेलन हुए कारगर साबित
केंद्रीय ऊर्जा विभाग में चीफ मीडिया ओएसडी सुदेश कटारिया ने भाजपा की हैट्रिक पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। खासकर उन्होंने प्रदेश के 21 फीसदी दलितों का विशेषरूप से आभार जताया, जिन्होंने हैट्रिक में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि दलितों को भाजपा के पक्ष में एकजुट करने में प्रदेश भर में 22 जिला स्तरीय दलित सम्मेलन किए गए और कुरुक्षेत्र के उमरी में राज्य स्तरीय दलित स्वाभिमान संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें दलितों ने संकल्प कलश हाथ में लेकर भाजपा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया था। भाजपा की जीत में दलित सम्मेलन कारगर साबित हुए हैं, क्योंकि लोकसभा चुनाव में दलितों के छिटकने से विपक्षी पार्टी पांच सीटें जीती थी।
केंद्र की योजनाएं आमजन तक पहुंचाने का तैयार होगा प्लान
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के चीफ मीडिया ओएसडी सुदेश कटारिया ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं आमजन तक पहुंचाने का प्लान तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र की योजनाओं को त्वरित लागू कराने के लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य हर घर को जगमग करना है। इस योजना के प्रचार-प्रसार पर काम किया जाएगा, क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ड्रीम प्रोजैक्ट है। केंद्र सरकार की एक करोड़ घरों पर सोलर पैनल लगाने की योजना है और इस योजना के अंतर्गत 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, जिससे आम नागरिक की बिजली बचत होगी और बिजली बिल से भी मुक्ति मिलेगी।