चंडीगढ़ - हरियाणा सरकार ने हरियाणा पंजाबी साहित्य अकादमी, पंचकूला के वर्तमान निदेशक सुखचैन सिंह भंडारी की कार्यावधि को आगामी एक वर्ष के लिए और बढ़ा दिया है। भंडारी ने 28 अप्रैल, 2011 को बतौर निदेशक अकादमी का पद दो वर्ष के लिए संभाला था जो 27 अप्रैल, 2013 को समाप्त हो गया है।
भंडारी ने गत दो वर्षों के कार्यकाल में अकादमी की ओर से पंजाबी भाषा, साहित्य और संस्कृति को हरियाणा में बड़े सुचारु ढंग से चलाया जा रहा है और अब तक लगभग 70 कार्यक्रम भिन्न-भिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में आयोजित किए हैं, जिनमें से पंजाबी कवि दरबार, कहानी दरबार, कहानी और कविता वर्कशॉप, नुक्कड़ नाटक, सेमीनार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, हरियाणा के कई विद्यालयों और कॉलेजों में विद्यार्थियों के संग पंजाबी को बढ़ावा देने के लिए भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गये जिससे हरियाणा में पंजाबी भाषा, साहित्य एवम् संस्कृति का भली प्रकार विकास हुआ है और पंजाबी भाषी लोग, अकादमी के ऐसे कार्यक्रमों से पूरी तरह जुड़ गए हैं। अकादमी ने जहां वार्षिक साहित्यिक पुरस्कारों की राशि सरकार से बढ़वाई है वहीं ‘नए इनाम’ भी स्थापित किए हैं।