मुंबई - बॉलीवुड में प्रीति जिंटा एक ऐसी अभिनेत्री के तौर पर शुमार की जाती है जिन्होंने अपनी चुलबुली अदाओं से लगभग दो दशक से सिनेप्रेमियो को अपना दीवाना बनाया है। 31 जनवरी 1975 को हिमाचल प्रदेश के शिमला में जन्मी प्रीति ने अपने कैरियर के शुरूआती दौर में विज्ञापन फिल्मों में काम किया। प्रीति ने बॉलीवुड में अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 1998 में प्रदर्शित मणिरत्नम की फिल्म दिल से से की।
इस फिल्म के लिए प्रीति को फिल्मफेयर की ओर से सर्वश्रेष्ठ डेब्यू अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। वर्ष 1998 में प्रीति की एक और फिल्म सोल्जर प्रदर्शित हुई। इस फिल्म में प्रीति के अपोजिट बॉबी देओल थे। सस्पेंस थ्रिलर पर आधारित इस फिल्म में प्रीति और बॉबी देओल की जोड़ी को दर्शको ने बेहद पसंद किया। सोल्जर टिकट खिडक़ी पर सुपरहिट साबित हुई। वर्ष 2000 में प्रदर्शित फिल्म क्या कहना प्रीति जिंटा के कैरियर के लिए अहम फिल्म साबित हुई। इस फिल्म से पहले लोगों की धारणा थी कि प्रीति केवल चुलबुले किरदार निभा सकती है लेकिन इस फिल्म में प्रीति ने संजीदा अभिनय कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।