नई दिल्ली - वैश्विक संकेतों के अभाव के बीच आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण बीते सप्ताह के दौरान सोने और चांदी दोनों ही बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट आई। बाजार सूत्रों ने कहा कि मौजूदा स्तर पर आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की कमजोर मांग के अलावा 'क्रिसमस' और वर्षांत की छुट्टियों के कारण अधिकांश बाजारों के बंद होने के बीच विदेशी संकेतों के नदारद होने के कारण मुख्यत: कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। इस बीच सरकार ने सोने में आयात शुल्क मूल्य को मामूली घटाकर 345 डॉलर प्रति 10 ग्राम कर दिया लेकिन वैश्विक कीमतों के रुख के कारण चांदी पर इसे बढ़ाकर 452 डॉलर प्रति किलोग्राम कर दिया।