मुंबई 29 मार्च: सुप्रीम कोर्ट से आर्म्स एक्ट के तहत 5 साल की सजा मिलने के बाद आज संजय दत्त मीडिया के सामने रो पड़े. संजय दत्त ने ऐलान किया कि वो कोर्ट के फैसले के खिलाफ कोई पुनर्विचार याचिका दाखिल नहीं करेंगे. मीडिया से मुखातिब होते हुए संजय दत्त कहा कि मैं सरेंडर करूंगा और अपनी सजा भुगतने के लिए तैयार हूं.'
इस दौरान संजय दत्त काफी भावुक नजर आए और वो मीडिया के सामने रो पड़े. उन्होंने कहा कि वे देश से बहुत प्यार करते हैं. अपनी बहन और कांग्रेस सांसद प्रिया दत्त के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे संजय दत्त ने कहा, 'मैं अपने देश और देशवासियों से बेहद प्यार करता हूं. जिन लोगों ने मुझे और मेरे परिवार का समर्थन किया मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं.'
सजय दत्त ने यह भी कहा कि उनके पास समय बहुत कम है और काम बहुत ज्यादा है और वे अपनी अधूरी फिल्में पूरी करना चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'मेरे पास बहुत काम है. मैं जेल जाने से पहले अपनी सभी फिल्में पूरी करना चाहता हूं.' इसी के साथ संजय दत्त ने मीडिया से भी अपील की कि उनकी सजा को माफ किए जाने पर बहस नहीं की जाए. संजय दत्त के मुताबिक, 'मैं जेल जाने से पहले शांति से अपना काम करना चाहता हूं और परिवार के साथ रहना चाहता हूं. मैं हाथ जोड़कर मीडिया से गुजारिश करता हूं कि जब मैं माफी की अपील नहीं कर रहा हूं तो इस पर बहस करना सही नहीं है.' मीडिया के सामने अपनी बात रखते ही संजय दत्त अपनी बहन प्रिया दत्त के गले लगकर रोने लगे.