कराची - रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म 'बाजीराव-मस्तानी' को पाकिस्तान में बैन किया जा सकता है, या फिल्म में बड़े कट भी लगाए जा सकते हैं। दरअसल पाकिस्तान सेंसर बोर्ड (सीबीएफसी) ने इसे इस्लाम विरोधी करार दिया है और रिव्यू करने का फैसला किया है। भारत में यह फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज हो रही है। ऐसे में रिलीज से बिल्कुल पहले पाकिस्तान में उठाए गए इस कदम से फिल्म को झटका लग सकता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के दो लोकल बोर्ड ने संजय लीला भंसाली की इस ऐतिहासिक फिल्म को पास कर दिया है। वहीं सीबीएफसी के चेयरमैन मोबाशेर हसन ने अजीब बयान दिया है। उनका कहना है कि यह फिल्म हिंदी में हैं और पाकिस्तानी दर्शक हिंदी फिल्में नहीं देखना चाहते। हसन ने यह भी कहा कि यह फिल्म एक ऐतिहासिक ड्रामा है, जो कहीं न कहीं इस्लाम और मुसलमानों के खिलाफ है।
हालांकि फिल्म में रखे गए इंटीमेट सीन हमारे लिए बड़ा विषय नहीं हैं। चूंकि पैनल, लोकल ड्रिस्टीब्यूटर ने फिल्म को रिजेक्ट कर दिया था, इसलिए हमने पूरी फिल्म को रिव्यू करने के लिए कहा है। हसन ने यह बताया कि केवल दो लोकल बोर्ड्स ने इसे पास किया है। पाकिस्तान के सेंसर बोर्ड आफ पंजाब को फिल्म को लेकर कोई परेशानी नहीं है।