नयी दिल्ली - आस्ट्रेलिया के विस्फोटक ओपनर डेविड वार्नर अगले वर्ष 12 जनवरी से भारत के खिलाफ शुरु हो रही सीमित ओवरों की सीरीज में चोटिल स्टीवन स्मिथ की जगह अपनी टीम की कप्तानी संभाल सकते हैं। क्रिकइंफो की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के खिलाफ पांच मैचों की एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज में आस्ट्रेलिया की कमान बायें हाथ के बल्लेबाज वार्नर संभाल सकते हैं।
घुटने और पीठ में दर्द की परेशानी से जूझ रहे स्मिथ फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेल रहे हैं और अगले टेस्ट मुकाबले में भी खेलने के बारे में उन्हें अभी तक कोई समस्या नहीं है लेकिन चयनकर्ताओं और मेडिकल स्टाफ उन्हें आराम देने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, आस्ट्रेलिया टीम के चयनकर्ता और मेडिकल स्टाफ स्मिथ को भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान आराम देने का निर्णय ले सकते हैं।