मुंबई 25 मार्चः 2002 के हिट एंड रन केस में अभिनेता सलमान खान को आज कोर्ट में पेश होना है. उनकी पेशी पर अभी सस्पेंस बना हुआ है. सलमान के करीबी सूत्रों के मुताबिक अभी तक उन्हें कोर्ट का समन नहीं मिला है इसलिए ममुकिन है कि वे आज पेशी के लिए कोर्ट न जाएं.
सलमान खान का क्या होगा? ये सवाल बना हुआ है. 23 मार्च को काले हिरन के शिकार के मामले में सलमान खान को कोर्ट में पेशी से छूट मिल गई थी क्योंकि उन्होंने अमेरिका में इलाज का हवाला दिया था. साल 2002 के हिट एंड रन मामले में अब तक उनके खिलाफ मजिस्ट्रेट की अदालत में मुकदमा चल रहा था, लेकिन गैर-इरादतन हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद अब ये मामला सेशन कोर्ट के सुपुर्द कर दिया गया है.सलमान ने इसी अदालत में खुद पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाये जाने को चुनैती भी दी है, जिसपर अदालत सुनवाई करेगी. इस आरोप में दोषी साबित होने पर उन्हें 10 साल की कैद हो सकती है.
आरोप है कि 28 सितंबर 2002 को सलमान खान की लैंड क्रूजर कार से कुचलकर बांद्रा की अमेरिकन एक्सप्रेस बेकरी के बाहर सो रहे पांच बेकरी मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई थी. अब तक उनके खिलाफ मुकदमा बांद्रा की मजिस्ट्रेट अदालत में चल रहा था. सलमान के खिलाफ सख्त रुख दिखाते हुए ट्रायल कोर्ट ने इसी साल 31 जनवरी को गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज करने का आदेश दिया था.