मुंबई - भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज में 3-० से हराने के बाद टीम इंडिया को दो करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके कहा, दक्षिण अफ्रीका पर टेस्ट सीरीज में 3-० से फतह हासिल करने के बाद बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट टीम को दो करोड़ रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा करती है।
टीम ने फिरोजशाह कोटला में दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट मैच में 337 रनों के विशाल अंतर से हराकर टेस्ट सीरीज 3-० से अपने नाम की है। भारतीय टीम ने इससे पहले मोहाली में हुए पहले टेस्ट मैच में मेहमान टीम को 1०8 रन से और नागपुर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में 124 रन से हराया था जबकि बेंगलुरु में खेला गया दूसरा टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रा रहा था। दक्षिण अफ्रीका पर 3-० से सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सोमवार को जारी टेस्ट रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई थी। सीरीज हारने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई है।