दुबई - दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर घुमाने वाले भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईसीसी की सोमवार को जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में तीन स्थानों की छलांग लगाते अपने कॅरियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गये। अश्विन के साथ साथ लेफ्ट आर्म स्पिनर रवीन्द्र जडेजा और लेग स्पिनर अमित मिश्रा भी अपनी अपने कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गये हैं।
इन तीनों स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत चार मैचों की सीरीज में 2-0 की अपराजित बढ़त बना चुका है और यदि वह शुक्रवार से दिल्ली के फिरोजशाह मैदान में होने वाले चौथे टेस्ट को भी जीत जाता है तो वह टेस्ट चैंपियनशिप में दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नागपुर में तीसरे टेस्ट की दोनों पारियों में कुल 12 विकेट लेकर मैन आफ द मैच बने 29 वर्षीय अश्विन को उनके शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिल गया और वह टेस्ट रैंकिंग में 856 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गये।
अश्विन इससे पहले गेंदबाजी रैंकिंग में 8०6 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर थे। उन्हें इस प्रदर्शन से 5० रेटिंग अंकों का फायदा मिला। नागपुर टेस्ट में नहीं खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन के रेटिंग अंकों में नौ अंकों की गिरावट आई है, लेकिन वह 884 अंकों के स्थान अपना पहला स्थान बरकरार रखे हुये हैं। अश्विन की रैंकिंग में सुधार से पाकिस्तान के लेग स्पिनर यासिर शाह और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (दोनों 846) संयुक्त रुप से तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं जबकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्राड पांचवीं रैंकिंग पर पहुंच गये हैं।