नई दिल्ली - लगातार उतार-चढ़ाव के बाद एक बार फिर से डीजल और पेट्रोल की दरों में मामूली कमी आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी को देखते हुए पेट्रोल के दामों में 58 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई है, तो वहीं डीजल के दरों में महज 25 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है। पेट्रोल-डीजल की नई दरें सोमवार आधी रात से लागू होंगी।
इससे पहले बीते अक्टूबर माह में पेट्रोल के दामो में कटौती की गई थी। इस माह डीजल के दाम में भी 25 पैसे की कटौती की गई है। इंडियन ऑयल के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों और रुपया-अमेरिकी डॉलर विनियम दर को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल के दाम में यह कटौती की गई है। बीते अक्टूबर माह में पेट्रोल के दाम में 50 पैसे प्रति लीटर की कटौती की गई थी, जबकि डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
दीवाली से पहले भी पेट्रोल के दाम में 50 पैसे की कमी की गई थी। नवंबर माह में डीजल-पेट्रोल के दामों में दूसरी बार बदलाव किया गया। देश की प्रमुख सार्वजनिक तेल कंपनी इंडियल ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार तेल की नई कीमतें बीती रात सोमवार आधी रात से लागू हो गई हैं।