नई दिल्ली - सरकार ने कहा कि स्वर्ण बांड योजना में खुदरा निवेशकों ने 'बहुत रुचि' दिखाई है और उसे 246 करोड़ रुपए मूल्य के 63,000 से आवेदन मिले हैं। वहीं अब तक 'ढीली' रही स्वर्ण मौद्रिकरण योजना में बदलाव किया गया है। वित्त मंत्रालय के बयान में स्वर्ण बांड योजना के बारे में कहा गया है, "इस योजना को लेकर देश भर के निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया देखने को मिली है।
शुरूआती आंकड़ों के अनुसार 917 किलो सोना खरीदने के लिए 246.20 करोड़ रुपए के बैंकों व डाकघरों के माध्यम से लगभग 63000 आवेदन आए हैं।" सरकार ने 5-20 नवंबर के दौरान बैंकों व डाकघरों के जरिए स्वर्ण बांड बेचे थे। आवंटन 30 नवंबर को होगा। बयान के अनुसार पहली खेप के प्रति खुदरा निवेशकों ने 'बहुत अच्छी रुचि' दिखाई। वहीं स्वर्ण मौद्रिकरण योजना के बारे में बयान में कहा गया है कि इस योजना के तहत सोना जमा कराने वालों को आयकर व पूंजी लाभ कर से छूट दी जाएगी।