मुंबई - सलमान ख़ान की हीरोइन के तौर पर साल 2003 की सुपरहिट फिल्म 'तेरे नाम' से बॉलिवुड में आगाज़ करने वाली भूमिका चावला हिंदी फिल्मों में दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रही हैं। हिंदी फिल्मों में भूमिका 2007 में आखिरी बार हिंदी फिल्म 'गांधी माई फादर' में नजर आई थीं। भूमिका चावला की बॉलिवुड में वापसी हो रही है टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर बनने वाली फिल्म 'एम एस धोनी-द अनटोल्ड स्टोरी' से।
नीरज पांडे के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में भूमिका का अहम किरदार बताया जा रहा है। धोनी की भूमिका सुशांत सिंह राजपूत निभा रहे हैं। भूमिका ने अपनी वापसी की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि वे अपने किरदार के बारे में ज्यादा नहीं बता सकतीं लेकिन ये जरूर है कि फिल्म में उनकी भूमिका खास है। साल 2003 में सलमान खान के साथ फिल्म 'तेरे नाम' से भूमिका हिंदी फिल्मों में आई थीं। ये फिल्म बहुत बड़ी हिट हुई थी। उसके बाद भूमिका ने कई और हिंदी फिल्में की मगर बड़ी सफलता उनके हाथ नहीं लगी। इसलिए भूमिका फिर वापस दक्षिण की फिल्मों में चली गईं। अब एक बार फिर उनकी हिंदी फिल्मों में वापसी हो रही है।