दुबई - दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मोहाली में हुए पहले टेस्ट में मैच जिताऊ प्रदर्शन करने वाले भारतीय स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में करिअर के सर्वश्रेष्ठ 13वें पायदान पर पहुंच गए। रैंकिंग में जडेजा से आगे एकमात्र भारतीय गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन हैं। जडेजा ने आठ स्थान की छलांग लगाई है। मोहाली टेस्ट की दोनों पारियों को मिलाकर दोनों ही गेंदबाजों ने आठ-आठ विकेट हासिल किए।
बेंगलुरू में बारिश के कारण रद्द हुए दूसरे टेस्ट में भी दोनों गेंदबाजों ने चार-चार विकेट चटकाए। बल्लेबाजों की रैंकिंग में सलामी बल्लेबाज मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली को हालांकि नुकसान हुआ है। शिखर धवन जरूर पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 33वें पायदान पर पहुंच गए। बेंगलुरू टेस्ट के साथ करिअर के 100 टेस्ट पूरे कर चुके दक्षिण अफ्रीकी धुरंधर बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स इस सूची में सबसे ऊपर बने हुए हैं। डिविलियर्स के 899 अंक हैं।
स्टीवन स्मिथ दूसरे, केन विलियमसन तीसरे, जोए रूट चौथे, डेविड वार्नर 880 पांचवें, हाशिम अमला छठे, एंजेलो मैथ्यूज सातवें, यूनुस खान आठवें, एलिस्टर कुक नौवें तथा रॉस टेलर 10वें स्थान पर हैं। गेंदबाजों की रैंकिंग में डेल स्टेन पहले, जेम्स एंडरसन दूसरे, यासिर शाह तीसरे, स्टुअर्ट ब्रॉड चौथे, अश्विन पांचवें, ट्रेंट बोल्ट छठे, वर्नोन फिलेंडर सातवें, रंगना हेराथ आठवें, मिशेल जॉनसन नौवें तथा मोर्न मोर्केल 10वें स्थान पर हैं।