मुंबई - नेस्ले इंडिया के मैगी नूडल में तय सीमा से अधिक लेड पाए जाने पर इसे सेहत के लिए नुकसानदेह बताते हुए खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने जून महिने में इसकी बिक्री पर रोक लगा दी थी। लेकिन बॉम्बे हाईकोर्ट ने मैगी पर लगी रोक को हटाने का आदेश दिया था। मगर अब महाराष्ट्र के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गिरीश बापट ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र सरकार नेस्ले इंडिया के मैगी नूडल पर लगी रोक को हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सकती है।
बापट ने कहा, 'हमारा कानून विभाग सभी पहलुओं को देख रहा है। इसके भले-बुरे को परख रहा है। इनकी (कानूनी) राय के आधार पर हम सुप्रीम कोर्ट जाने के बारे में सोच रहे हैं।' बापट ने कहा कि कुछ निश्चित नमूनों का परीक्षण हुआ है। इस बात की संभावना है कि अन्य नमूने ग्राहकों के लिए स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या खड़ी कर सकते हैं। बापट ने कहा, 'इस वजह से, हम नूडल्स पर रोक जारी रखना चाहते हैं और कानूनी राय के हिसाब से जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में मामला ले जाने के बारे में फैसला करेंगे, क्योंकि लोगों का स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी चिंता है।'