कराची - मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर शेन वार्न के संयुक्त प्रयासों से इस समय अमेरिका में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने के लिए वहां तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। इसमें दोनों टीमों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके दुनियाभर के सितारे दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इस बहाने क्रिकेटर्स को भी एक बार फिर साथ खेलने का मौका मिला है।
ऎसे में सचिन की टीम के पाकिस्तानी साथी शोएब अख्तर ने अपनी एक इच्छा जाहिर की है। तेज गेंदबाज अख्तर ने सचिन से गुजारिश की है कि वे ऑल स्टार क्रिकेट सीरीज पाकिस्तान में भी कराएं। अख्तर ने ह्यूस्टन में पाकिस्तान के कुछ पत्रकारों से कहा कि मुझे उम्मीद है कि क्रिकेट के ये मैच पाकिस्तान में भी होंगे। मैंने एक दिन सचिन से पाकिस्तान में ऑल स्टार श्रृंखला कराए जाने की संभावना पर कहा था। सचिन ने इस पर अपनी खुशी का इजहार किया था और विचार को कार्यान्वित करने की इच्छा जताई थी।