नयी दिल्ली - ई-कामर्स प्लेटफार्म स्नैपडील पर मैगी की 60,000 वेल्कम किट्स की मात्र पांच मिनट में बिक गईं। इससे पहले स्नैपडील ने इसी सप्ताह घोषणा की थी कि वह नेस्ले के मैगी नूडल्स की बिक्री एक विशिष्ट फ्लैश सेल माडल के जरिये करेगी। नूडल्स ब्रांड की करीब पांच माह बाद वापसी हो रही है। नेस्ले के लोकप्रिय 2 मिनट इंस्टैंट नूडल्स ब्रांड मैगी की बिक्री पर उसमें सीसे की मात्रा तय सीमा से अधिक पाए जाने के बाद प्रतिबंध लगा दिया गया था।
मैगी की वेल्कम किट (12 पैकेज मैगी, 2016 का मैगी कलेंडर, मैगी फ्रिंज मैग्नेट, मैगी पोस्टकार्ड और वेल्कम बैक का पत्र) के लिए पंजीकरण 9 नवंबर को शुरू हुआ था, लेकिन इसकी स्नैपडील पर बिक्री गुरूवार को शुरू हुई। स्नैपडील के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (भागीदारी एवं रणनीतिक पहल) टोनी नवीन ने कहा, स्नैपडील ने मैगी वेल्कम किट के पहले 60,000 के बैच की बिक्री मात्र पांच मिनट में पूरी कर ली। भारत के सर्वाधिक लोकप्रिय ब्रांडों में से एक का काफी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था। देशभर से उपभोक्ताओं ने इसको लेकर काफी उत्साहवर्धक प्रतिक्रिया दिखाई।