शारजाह - पाकिस्तान ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए आज गुरूवार को इंग्लैंड को तीसरे व अंतिम टेस्ट में 127 रन से रौंद सीरीज पर 2-0 से कब्जा जमा लिया। लेग स्पिनर यासिर शाह मैन ऑफ द सीरीज और पाकिस्तान की दूसरी पारी में 151 रन बनाने वाले मोहम्मद हफीज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अब दोनों देश 11 नवंबर से पांच वनडे और फिर तीन टी20 मैच की सीरीज खेलेंगे।
इससे पहले पाकिस्तान ने इंग्लैंड के सामने 284 रन का लक्ष्य रखा था। मैच के अंतिम दिन इंग्लैंड ने अपनी पारी 42/2 से आगे शुरू की और 60.3 ओवर में 156 रन पर ढेर हो गया। कप्तान एलिस्टेयर कुक 63 रन बनाने के बाद नौवें विकेट के रूप में आउट हुए। कुक ने 164 गेंदों में चार चौके लगाए।
मोईन अली व आदिल रशीद ने 22-22 और स्टुअर्ट ब्रॉड ने 20 रन बनाए। यासिर ने चार, अपना अंतिम टेस्ट खेल रहे शोएब मलिक ने तीन, जुल्फिकार बाबर ने दो तथा राहत अली ने एक विकेट झटका। संक्षिप्त स्कोर पाकिस्तान पहली पारी : 234 रन, दूसरी पारी : 355 रन। इंग्लैंड पहली पारी 306 रन, दूसरी पारी : 156 रन।