मोहाली - भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मोहाली में गुरूवार से शुरू होने वाले पहले टेस्ट में पांच गेंदबाजों के साथ उतरने का संकेत दिया है। विराट ने पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी रणनीति संभवत: पांच गेंदबाजों के साथ उतरने की होगी जो मैच में 2० विकेट ले सकें।
उन्होंने कहा कि यदि आपके पास छह बल्लेबाज हैं और एक विकेटकीपर और वह 5०० रन बनाते हैं तो भी मैच में ऐसा पल आएगा कि आप काफी रन देंगे और विकेट नहीं मिलेंगे। घरेलू जमीन पर पहली बार टीम का नेतृत्व कर रहे विराट ने कहा कि शीर्ष पांच बल्लेबाजों को अधिक जिम्मेदारी के साथ खेलना होगा। लेकिन साथ ही यदि आप 350 से 400 रन भी बनाते हैं तो भी मौका होगा कि पांच गेंदबाज आपके लिये 20 विकेट निकाल लें।
हमारे बल्लेबाज भी इस रणनीति का समर्थन कर रहे हैं और मैं दोबारा यही कहूंगा कि गेंदबाज ही होते हैं जो आपको टेस्ट जीतने में मदद करते हैं। स्टार बल्लेबाज ने अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन को लेकर कहा कि मैं जब मैदान पर उतरता हूं तो मुझे पता है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ कर रहा हूं। मुझे किसी को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है। मैं वही इंसान हूं जिसने भारत के लिये खेलना शुरू किया था लेकिन साथ ही आप गलतियां भी करते हैं।