नई दिल्ली - फेस्टिव सीजन में एयरलाइंस एक के बाद एक जबरदस्त ऑफर्स दे रही हैं। इसी क्रम में गो एयर ने भी अपनी 10वीं सालगिरह पर जबरदस्त डिस्काउंट देने की घोषणा की है। इस बार दिवाली धमाके में गो एयर सिर्फ 710 रूपये में ही हवाई सफर कराने को तैयार है। हालांकि, इसमें टैक्स की राशि समाहित नहीं हैं।
रोचक बात यह है कि अगर आप अभी ही टिकट बुक करते हैं तो 10 फीसदी चांस है कि आपको एक टिकट फ्री में मिल जाए। इस चार दिन के फेस्टिव सेल में इन टिकटों की बुकिंग 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच होगी। इन टिकटों पर 1 अप्रैल 2016 से लेकर 10 अक्टूबर 2016 तक यात्रा की जा सकेगी।
अभी हाल ही में स्पाइस जेट, एअर इंडिया और एयर एशिया ने भी इसी तरह के बेहतरीन ऑफर्स देने की घोषणा की थी। केंद्र सरकार भी हवाई सफर सस्ते करने के लिए कदम उठा रही है। सरकार ने शुक्रवार को नई सिविल एविएशन पॉलिसी का ड्राफ्ट जारी किया। ड्राफ्ट में रीजनल (घरेलू) एयर कनेक्टिविटी को बढावा देने पर जोर दिया गया है।