नई दिल्ली - कमेंटेटर और पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने मुंबई के वानखेडे स्टेडियम के पिच क्यूरेटर सुधीर नाइक के साथ बदसलूकी करने के लिए टीम इंडिया के निदेशक रवि शास्त्री को आडे हाथों लिया है। रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने वानखेडे के सपाट विकेट पर 438 रन का विशाल स्कोर खडा करने के बाद भारतीय टीम को 214 रन से रौंद दिया था। इसके बाद भारतीय टीम आलोचकों के निशाने पर आ गई। 37 टेस्ट और 74 वनडे का अनुभव रखने वाले मांजरेकर ने शास्त्री के बर्ताव पर सोशल मीडिया पर अफसोस जताया है। मांजरेकर ने खुलकर नाइक का पक्ष लिया है।
मांजरेकर ने ट्वीट किया कि शास्त्री ने वानखेडे के क्यूरेटर सुधीर नाइक को अपशब्द कहकर पूरी तरह सीमा लांघी। उन्होंने उम्रदराज व्यक्ति और साथी टेस्ट क्रिकेटर के लिए असम्मान दिखाया। उल्लेखनीय है कि 70 वर्षीय नाइक ने तीन टेस्ट और दो वनडे खेले थे। मीडिया रिपोर्टो के अनुसार दक्षिण अफ्रीकी पारी खत्म होने के बाद शास्त्री और नाइक उलझ गए थे। शास्त्री ने टॉन्ट कसते हुए कहा कि सुधीर, बेहतरीन काम। शानदार पिच बनाई। नाइक ने इसके बाद शास्त्री पर अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए पूर्व भारतीय कप्तान व एमसीए अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर तथा बीसीसीआई खेल विकास प्रबंधक रत्नाकर शेट्टी से शिकायत की थी। बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा कि बोर्ड इस मामले पर ध्यान देगा।