मुंबई - फाफ डू प्लेसिस (133, रिटायर्ड हर्ट), क्विंटन डी कॉक (109) और कप्तान एबी डीविलियर्स (119) के दमदार शतकों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज की। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 214 रन से हराकर 3-2 से सीरीज अपने नाम की। यह पहला मौका है जब दक्षिण अफ्रीका ने भारत में द्विपक्षीय वन-डे सीरीज जीती हो। यह भारत की वनडे मैचों में दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले उसे 245 रन से शिकस्त झेलना पड़ी थी।
दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले टी-20 सीरीज में भारत को 2-0 से हराया था, तीसरा मैच बारिश के रद्द हो गया था। अब दोनों देशों के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसका पहला मुकाबला मोहाली में 5 नवंबर से शुरू होगा। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 50 ओवर में चार विकेट खोकर 438 रन बनाए। यह दक्षिण अफ्रीका का दूसरा सर्वश्रेष्ठ तथा विश्व क्रिकेट में तीसरा सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर है। जवाब में भारतीय टीम 35.5 ओवर में 224 रन पर ढेर हो गई। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम कागिसो रबादा (4 विकेट) और डेल स्टेन (3 विकेट) के आगे नहीं टिक सकी।
इमरान ताहिर (2 विकेट) ने भी भारतीय बल्लेबाजों को फिरकी में उलझा दिया। भारत की तरफ से अजिंक्या रहाणे (87) और शिखर धवन (60) ने उपयोगी पारियां खेली। रोहित शर्मा (16), विराट कोहली (7), सुरेश रैना (12), महेंद्र सिंह धोनी (27) का बल्ला खामोश रहा। रहाणे (87) ने एकतरफा किला लड़ाया। उन्होंने 58 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके व तीन छक्के जड़े। स्टेन ने रहाणे को बेहरादीन के हाथों कैच आउट कराकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। पुछल्ले बल्लेबाज अक्षर पटेल (5), हरभजन सिंह (0), भुवनेश्वर कुमार (1) और अमित मिश्रा (4) जल्दी-जल्दी आउट हुए।