चेन्नई - टीम इंडिया के वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को आईसीसी प्रमुख और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के घर जाकर मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच नाश्ते के समय करीब डेढ घंटे तक चर्चा हुई। हालांकि, अभी तक यह पता नही चल पाया है कि आखिर किस मुद्दे पर चर्चा हुई।
लेकिन, अटकलों का बाजार गर्म है। हर कोई इस चर्चा के अलग-अलग मतलब निकाल रहा है। वहीं, धोनी ने इस मुलाकात पर कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। टीम इंडिया ने गुरूवार को चौथे वन-डे में दक्षिण अफ्रीका को 35 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी की थी। आपको बता दें कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग मामले में हितों के टकराव को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित लोढा समिति ने श्रीनिवासन के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने पर रोक लगा दी थी।