चेन्नई - सुपरस्टार बल्लेबाज विराट कोहली (138) के आठ महीने के अंतराल के बाद ठोंके गए 23वें शतक की बदौलत भारत ने दक्षिण अफ्रीका को चौथे वनडे में 35 रन से मात दी। इसी के साथ मेजबान भारत ने पांच मैचों की सीरीज में 2-2 की बराबरी भी हासिल कर ली। गुरुवार को चेन्नई में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में आठ विकेट पर 299 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। इसमें विराट ने 140 गेंदों पर 138 रन की तेज तर्रार पारी खेली, जिसमें उन्होंने छह चौके और पांच छक्के लगाए।
इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 50 ओवर में 264 रन पर ही रोक दिया। हालांकि अफ्रीकी कप्तान एबी डीविलियर्स ने शानदार शतक जडक़र टीम की नैया पार लगाने की कोशिश जरूर की। डीविलियर्स ने 112 रन की पारी खेली। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट झटके। वहीं, दूसरी ओर हरभजन सिंह ने बढिय़ा गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए। इसके अलावा मोहित, अमित मिश्रा और पटले को एक-एक विकेट मिला।