नई दिल्ली - लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा को रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का इनाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले दो टेस्टों के लिए टीम इंडिया में वापसी के रूप में मिल गया, लेकिन श्रीलंका दौरे में टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हरभजन सिंह को बाहर कर दिया गया। राष्ट्रीय चयनकर्ता प्रमुख संदीप पाटिल और बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने सोमवार को चयन समिति की बैठक के बाद मौजूदा सीरीज के शेष दो वनडे और चार टेस्टों की सीरीज के पहले दो मैचों के लिए टीमों की घोषणा की।
उन्होंने साथ ही बोर्ड अध्यक्ष एकादश टीम की भी घोषणा की, जिसने दक्षिण अफ्रीका के साथ अभ्यास मैच खेलना है। आलराउंडर जडेजा ने अपना आखिरी टेस्ट अगस्त 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला था। जडेजा को श्रीलंका के हाल के दौरे में टेस्ट टीम में मौका नहीं मिला था और वह ट्वेंटी-20 तथा वनडे टीमों से बाहर कर दिए गए थे। जडेजा को टेस्ट टीम में तो जगह मिली है, लेकिन उन्हें शेष दो वनडे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया। ऑफ स्पिनर अश्विन को पहले दो टेस्टों के लिए घोषित 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
हालांकि उन्हें कानपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में बगल में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह अगले दो वनडे के लिए टीम से बाहर हो गए थे। अश्विन को सीरीज के दो वनडे के लिए टीम में नहीं चुना गया है। तेज गेंदबाज श्रीनाथ अरविंद ने वनडे सीरीज के शेष दो मैचों के लिए एकदिवसीय टीम में तेज गेदबाज उमेश यादव की जगह ली है।