नई दिल्ली - वैश्विक बाजार में दोनों कीमती धातुओं में आए उछाल और स्थानीय स्तर पर दिवाली से पहले आभूषण एवं सिक्का निर्माताओं की त्योहारी मांग आने से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 550 रुपए की उड़ान भरकर सप्ताहांत पर 27250 रुपए प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ तथा चांदी 575 रुपए चढक़र 37300 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय कारोबार के अनुसार आलोच्य सप्ताह में सोना हाजिर 32.60 डालर प्रति औंस की बड़ी बढ़त के साथ 1176.80 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया।
अक्तूबर का अमरीकी सोना वायदा भी 34.80 डालर प्रति औंस चढक़र 1177.10 डालर प्रति औंस बोला गया। गत सप्ताह चांदी भी 0.35 डालर प्रति औंस चढक़र शुक्रवार को 16.02 डालर प्रति औंस पर रही। घरेलू बाजार में आठ ग्राम वाली गिन्नी में कोई बदलाव नहीं हुआ तथा यह 22400 रुपए पर ही टिकी रही। सिक्कों में भी बढ़त देखी गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली एक-एक हजार रुपए की साप्ताहिक तेजी के साथ क्रमश: 52 हजार तथा 53 हजार रुपए प्रति सैकड़ा बोले गए।